शहीदी जागृति यात्रा का भव्य स्वागत, चांडिल में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने ली आशीर्वाद

चांडिल/जमशेदपुर, 27 अगस्त : सिख समुदाय के नौवें गुरु, गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहादत दिवस के उपलक्ष्य में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) द्वारा निकाली गई शहीद जागृति यात्रा मंगलवार देर रात जमशेदपुर पहुंची। इस यात्रा के आगमन पर शहर के विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया और श्रद्धालुओं की ओर से सेवा शिविर लगाए गए।
यह यात्रा असम से शुरू होकर 23 राज्यों से गुजरते हुए आनंदपुर साहिब, पंजाब में संपन्न होगी। जत्थे में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हैं, जिनमें युवा, महिलाएं और बुजुर्ग भी उत्साहपूर्वक हिस्सा ले रहे हैं।
बुधवार को जत्था जमशेदपुर से रवाना होकर चांडिल के कांदरबेड़ा चौक पहुंचा। यहां मनजीत सिंह के नेतृत्व में स्थानीय सिख समाज और श्रद्धालुओं ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया।
इसी दौरान संयोगवश रांची से जमशेदपुर जा रही राज्य की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह भी कांदरबेड़ा चौक पर पहुंचीं। उन्होंने जागृति यात्रा को देखकर अपनी गाड़ी रुकवाई और गुरुद्वारा प्रमुखों एवं सिख समुदाय के वरिष्ठजनों से भेंट की। मंत्री ने गुरु तेग बहादुर जी की स्मृति में निकाली गई इस यात्रा को नमन करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।
उल्लेखनीय है कि आगामी 24 नवंबर को गुरु तेग बहादुर जी का शहीदी दिवस मनाया जाएगा। उनके बलिदान को याद करते हुए देशभर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल है।



