कोवाली के कुन्द्रुकोचा और डुंगरीटोला में उत्पाद विभाग की कार्रवाई, 280 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त
जमशेदपुर, 13 अक्टूबर : दुर्गा पूजा के मद्देनजर अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर रोक लगाने के लिए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में उत्पाद विभाग की टीम ने कोवाली थाना क्षेत्र के कुन्द्रुकोचा गांव और डुंगरीटोला में छापेमारी कर अवैध महुआ शराब निर्माण के ठिकानों का खुलासा किया।
प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नदी किनारे और जंगल में संचालित अवैध महुआ शराब निर्माण स्थलों पर छापेमारी के दौरान करीब 12,000 किलोग्राम किण्वित जावा महुआ नष्ट किया गया, जबकि 280 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब जब्त की गई।
कार्रवाई के दौरान अवैध शराब निर्माण में संलिप्त आरोपी मौके से फरार पाए गए। विभाग ने सभी फरार आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
जिला प्रशासन के अनुसार, त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त ने संबंधित विभागों को सतर्कता बरतने और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहार के दौरान अवैध शराब के कारोबार पर नियंत्रण रखना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।



