ईवीएम वेयरहाउस का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

जमशेदपुर, 26 अगस्त : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने मंगलवार को कीताडीह स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रखरखाव, सुरक्षा प्रबंध, सीसीटीवी निगरानी और अभिलेख संधारण की विस्तार से जांच की।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सभी मानक प्रचालन प्रक्रिया (SOPs) का अक्षरशः पालन सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि वेयरहाउस में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे चौबीसों घंटे चालू रहें और उनकी रिकॉर्डिंग का नियमित बैकअप लिया जाए। दैनिक निरीक्षण रजिस्टर और लॉगबुक पारदर्शी व अद्यतन रूप में संधारित किए जाएं। उपायुक्त ने सख्त निर्देश दिया है कि किसी भी परिस्थिति में अनधिकृत प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की नियमित ऑडिट और रिपोर्टिंग प्रक्रिया की समयबद्ध समीक्षा पर बल देते हुए उच्च स्तरीय निगरानी तंत्र को और मजबूत करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।



