साप्ताहिक जनता दरबार में उठे म्यूटेशन, बीमा क्लेम, आवास योजना व सड़क निर्माण के मुद्दे

सरायकेला, 26 अगस्त : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में मंगलवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित किया गया। जिले के विभिन्न प्रखंडों और नगर क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं और शिकायतों के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे।
जनता दरबार में उपायुक्त ने प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को हस्तांतरित करते हुए नियमानुसार और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम के दौरान जिन प्रमुख मुद्दों को नागरिकों ने उठाया, उनमें भूमि म्यूटेशन, सड़क निर्माण, आवास योजना, बीमा क्लेम और सामाजिक सुरक्षा योजनाएं शामिल रहीं।
सरायकेला अंचल अंतर्गत खाता संख्या 58 के 12 डिसमिल भूमि के म्यूटेशन को बिना कारण निरस्त किए जाने की शिकायत दर्ज की गई। नगर पंचायत सरायकेला क्षेत्र के वार्ड संख्या 11 में लालबाबू डेयरी फार्म से श्री जगन्नाथ मंदिर तक निर्माणाधीन सड़क पर गार्डवाल निर्माण की मांग की गई। ग्राम बुरुडीह, कांड्रा और गम्हरिया से अबुआ आवास योजना के नाम पर भूमि पर पड़ोसियों द्वारा जबरन कब्जा किए जाने की शिकायतें आईं। इसके अलावा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना अंतर्गत डेथ क्लेम को एसबीआई सरायकेला शाखा द्वारा अस्वीकार किए जाने और शाखा प्रबंधक के अमानवीय व्यवहार का मामला भी सामने आया। वहीं, थैलेसीमिया जागरूकता अभियान में प्रशासनिक सहयोग, मुख्यमंत्री मइया सम्मान योजना का लाभ बाधित होने तथा निमडीह प्रखंड में आवास योजना का लाभ नहीं मिलने जैसी शिकायतें भी दर्ज हुईं।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक आवेदन का निपटारा नियम के अनुरूप और निर्धारित समय-सीमा में किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाए।



