जेएससीए स्टेडियम का नामकरण शिबू सोरेन के नाम पर हो : कुणाल षड़ंगी

रांची, 26 अगस्त : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता व पूर्व विधायक कुणाल षड़ंगी ने रांची स्थित झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) स्टेडियम का नामकरण दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नाम पर करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार अहमदाबाद स्थित मोटेरा क्रिकेट स्टेडियम का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखा गया है, उसी तर्ज पर जेएससीए स्टेडियम को शिबू सोरेन के नाम से जोड़ा जाना चाहिए।
कुणाल षड़ंगी ने कहा कि शिबू सोरेन का योगदान केवल झारखंड तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक परिप्रेक्ष्य में भी उनका योगदान अविस्मरणीय है। ऐसे में उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने की दिशा में यह कदम ऐतिहासिक साबित होगा।
उन्होंने कहा कि क्रिकेट आज दुनिया का सबसे लोकप्रिय खेल बन चुका है और झारखंड की पहचान भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से बनी है। चाहे जेएससीए स्टेडियम हो या महेंद्र सिंह धोनी, राज्य ने वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। इसी तरह यदि जेएससीए स्टेडियम का नाम शिबू सोरेन के नाम पर रखा जाता है तो उन्हें वैश्विक पहचान मिलेगी और झारखंड की विशिष्ट पहचान भी और सशक्त होगी।
कुणाल षड़ंगी ने यह भी बताया कि झारखंड की जनता इस समय दिशोम गुरु को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग कर रही है। इसी सिलसिले में राज्य भर में हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर अपने विचार और संदेश दर्ज कर रहे हैं।



