धान के खेत में काम कर रही महिला पर गिरी आसमानी बिजली, इलाज के दौरान मौत

जमशेदपुर/पटमदा, 19 अगस्त : बोड़ाम थाना क्षेत्र के चुनीडीह गांव में मंगलवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब खेत में काम कर रही एक महिला पर आकाशीय बिजली गिर गई। घटना में 32 वर्षीय गुनी सिंह सरदार गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजन आनन-फानन में उन्हें एमजीएम अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान शाम करीब चार बजे उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि गुनी सिंह धान के खेत में निराई-गुड़ाई का काम कर रही थीं। उसी दौरान अचानक मौसम बिगड़ गया और बारिश के साथ जोरदार गर्जन-तर्जन होने लगा। तभी वज्रपात सीधे उनके ऊपर गिरा और वे बुरी तरह घायल हो गईं।
गंभीर हालात को देखते हुए परिजन पहले वाहन की व्यवस्था में जुटे और फिर दोपहर तीन बजे के आसपास उन्हें एमजीएम अस्पताल, डिमना पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका अपने पीछे 12 वर्षीय बेटे धीरन सिंह और 8 वर्षीय बेटी नमिता सिंह को छोड़ गई हैं।
गांव में इस दर्दनाक घटना के बाद मातम छा गया है। ग्रामीणों ने कहा कि लगातार हो रही बरसात के बीच खेतों में काम करने वाले किसानों और मजदूरों को सतर्क रहने की जरूरत है।


