Breaking News: लेवी वसूली की योजना बना रहे चार नक्सली गिरफ्तार

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

Breaking News: लेवी वसूली की योजना बना रहे चार नक्सली गिरफ्तार

खूंटी, 18 अगस्त : खूंटी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) के चार सक्रिय नक्सली पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने उनके कब्जे से हथियार, गोली-बारूद, मोबाइल फोन और लेवी वसूली से जुड़े कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार पीएलएफआई का कुख्यात उग्रवादी ओझा पाहन उर्फ ओझा टोपनो उर्फ बादल टोपनो उर्फ भगत अपने साथियों के साथ इकट्ठा होकर ठेकेदारों एवं व्यवसायियों से लेवी वसूलने और दहशत फैलाने की योजना बना रहा था। नक्सलियों का निशाना रायकेरा में बन रहे कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय और अम्मा पखना में बन रहे लैम्पस गोदाम के ठेकेदार सहित अन्य व्यवसायी थे।

पुलिस अधीक्षक को जब इसकी भनक लगी तो उन्होंने तत्काल तोरपा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित कर कार्रवाई का आदेश दिया। टीम ने खूंटी, गुमला और रांची जिले से अभियान चलाकर चार नक्सलियों को धर दबोचा।

गिरफ्तार नक्सलियों में ओझा पाहन उर्फ ओझा टोपनो उर्फ बादल टोपनो उर्फ भगत – खूंटी व आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय, उस पर पहले से ही 10 संगीन आपराधिक मामले दर्ज। जेवियर कोनगाड़ी, संतोष कोनगाड़ी एवं जिनबुस आइन्द उर्फ दढ़ियल उर्फ चोलल शामिल हैं। जिनबुस आइन्द उर्फ दढ़ियल उर्फ चोलल के ऊपर विभिन्न थानों में सात मामले दर्ज हैं।

हथियार और आपत्तिजनक सामान बरामद

पुलिस ने नक्सलियों के पास से एक 7.65 एमएम पिस्टल व मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस, एक देशी कट्टा व आठ एमएम के दो जिंदा कारतूस, पीएलएफआई संगठन के दो पर्चे, दो मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड, आधार कार्ड तथा रोड रोलर जलाने के लिए पेट्रोल भरे दो प्लास्टिक बोतल बरामद किए हैं।

इस बड़ी कार्रवाई में तोरपा अनुमंडल पदाधिकारी किस्टोफर केरकेट्टा, तोरपा अंचल निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, रनिया थाना प्रभारी विकास कुमार जायसवाल, अमरजीत सिंकू, टीनू कुमार, अशोक कुमार महतो, तालेश्वर यादव, रिमियूस केरकेट्टा, आसियन जोजो, अनूप लकड़ा, तथा तोकेन पिकेट के जवान शामिल थे।

पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम हो गई है और सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ा है।

Share This Article