कुटाम गांव में ट्रांसफार्मर बदलने की मांग पर युवा आजसू ने सौंपा ज्ञापन

ईचागढ़ , 14 अगस्त : सरायकेला खरसावां जिला अंतर्गत ईचागढ़ प्रखंड का कुटाम गांव विगत कई महीनों से अंधेरे में है। गांव का 25 KVA ट्रांसफार्मर खराब रहने के कारण बिजली उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली नहीं रहने के कारण जहां विद्यार्थियों को पठन-पाठन में दिक्कत हो रही है, वहीं बिजली से संबंधित कार्य नहीं होने से उपभोक्ताओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों को हो रही समस्या को देखते हुए गुरुवार को सरायकेला खरसावां जिला युवा आजसू का एक प्रतिनिधिमंडल विद्युत अवर प्रमंडल कार्यालय में बिजली विभाग के कनीय अभियंता से मुलाकात किया। आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो के निर्देश पर प्रतिनिधि मंडल ने कनीय अभियंता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में युवा आजसू के प्रतिनिधिमंडल ने कुटाम गांव में जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बदलने के साथ बिजली से संबंधित अन्य समस्याओं के निष्पादन की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में सुमित महतो,आजसू छात्र संघ के जिलाध्यक्ष धर्मराज प्रधान, युवा आजसू उपाध्यक्ष विजय मोदक, ईचागढ़ प्रखंड सचिव तुलसी महतो, देवाशीष गोप, शौभिक हालदार आदि शामिल थे।