झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश और तेज हवा की चेतावनी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

 

रांची, 28 मार्च : झारखंड में आगामी दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कई क्षेत्रों में मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। विशेषकर उत्तर-पूर्वी हिस्सों को छोड़कर राज्य के अन्य भागों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।

इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में फिर 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। 29 से 31 मार्च के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान उत्तर-पूर्वी और अन्य क्षेत्रों में कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 1 अप्रैल को दक्षिणी भागों में भी ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है।

 

तेज हवा और वज्रपात को लेकर चेतावनी
मौसम विभाग ने 28 मार्च को उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में आंधी, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है। 29 मार्च को भी उत्तर-पूर्वी भागों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और वज्रपात की संभावना है। 31 मार्च से 2 अप्रैल के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ गरज-चमक और बारिश होने की आशंका जताई गई है।

हालांकि 30 मार्च और 3 अप्रैल को किसी विशेष चेतावनी की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को भी सरायकेला-खरसावां जिल समेत कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, विशेषकर वज्रपात और तेज हवा के समय खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।

Share This Article