भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आज़ाद पहुंचे नेमरा, दिशोम गुरु शिबू सोरेन को दी श्रद्धांजलि

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आज़ाद पहुंचे नेमरा, दिशोम गुरु शिबू सोरेन को दी श्रद्धांजलि

कहा दुख की घड़ी में हम आपके साथ हैं 

रांची/रामगढ़, 11 अगस्त : भीम आर्मी संस्थापक एवं आज़ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह नगीना (उत्तर प्रदेश) सांसद चंद्रशेखर आज़ाद आज झारखंड के निर्माता एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के पैतृक ग्राम नेमरा पहुंचे। यहां उन्होंने दिशोम गुरु की प्रतिमा एवं चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश की आज़ाद समाज पार्टी एवं भीम आर्मी के सभी जिलों के जिलाध्यक्ष, जिला कमिटी, प्रखंड कमिटी, प्रदेश पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर शिबू सोरेन के योगदान को याद किया और उनके सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया।

चंद्रशेखर आज़ाद ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, “दुख की इस घड़ी में भीम आर्मी और आज़ाद समाज पार्टी पूरी तरह आपके साथ खड़ी है। शिबू सोरेन जी का संघर्ष और त्याग सदैव प्रेरणा देता रहेगा।”

उन्होंने आगे कहा कि शिबू सोरेन न केवल झारखंड आंदोलन के प्रणेता थे बल्कि उन्होंने पूरे देश में दलित, वंचित, शोषित और पिछड़े समाज की आवाज़ को बुलंद किया। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मार्गदर्शक है।

इस दौरान नेमरा गांव में श्रद्धांजलि देने आए लोगों की भारी भीड़ रही। गांव और आसपास के क्षेत्रों से भी लोग दिशोम गुरु को अंतिम सम्मान देने पहुंचे। वातावरण भावुक और श्रद्धामय बना रहा।

Share This Article