बुरूडीह में दवा दुकान में भीषण आग, 22 लाख की दवाइयाँ और सामान जलकर राख

सरायकेला, 10 अगस्त : खरसावां प्रखंड के बुरूडीह में बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने एक दवा डिस्ट्रीब्यूटर की पूरी दुकान को खाक कर दिया। हादसे में करीब 22 लाख रुपये की दवाइयाँ और इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर नष्ट हो गए।
घटना बुरूडीह स्थित पंजाब नेशनल बैंक के समीप विशाखा दुर्ग दवाई डिस्ट्रीब्यूटर में हुई, जिसके संचालक बलराम दास (निवासी – बेगनाडीह, खरसावां) शुक्रवार शाम रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रक्षा बंधन का त्योहार होने के कारण वे जमशेदपुर चले गए थे।
शनिवार रात करीब 1 से 2 बजे के बीच बिजली के शॉर्ट सर्किट से दुकान में आग लग गई। रात में किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी और आग अंदर ही अंदर फैलकर विकराल रूप लेती रही। रविवार सुबह करीब 6 बजे स्थानीय ग्रामीणों ने दुकान से धुआँ उठता देख बलराम दास को सूचना दी।

जब तक वे मौके पर पहुँचे, दुकान में रखी दवाइयाँ, कुलर, फ्रीज, टैब, टीवी, फर्नीचर समेत पूरा सामान जलकर राख हो चुका था।

सूचना मिलते ही खरसावां पुलिस घटनास्थल पर पहुँची और मामले की जाँच शुरू कर दी है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, आग से लगभग 22 लाख रुपये की क्षति हुई है।



