आदित्यपुर : हरिओमनगर में 11 वर्षीय बालक डेंगू पॉजिटिव, नगर निगम की लापरवाही पर कांग्रेस अध्यक्ष ने जताई नाराज़गी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

आदित्यपुर : हरिओमनगर में 11 वर्षीय बालक डेंगू पॉजिटिव, नगर निगम की लापरवाही पर कांग्रेस अध्यक्ष ने जताई नाराज़गी

सरायकेला/आदित्यपुर, 07 अगस्त 2025 : आदित्यपुर के हरिओमनगर क्षेत्र में डेंगू का एक मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। 5 अगस्त को बुखार से पीड़ित 11 वर्षीय एक बालक की जांच रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव पाई गई है। फिलहाल उक्त बच्चे का इलाज जमशेदपुर स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में चल रहा है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि डेंगू की आशंका को लेकर दो दिन पहले ही नगर निगम को सूचित किया गया था, लेकिन अब तक प्रभावित क्षेत्र में न तो एंटी लार्वा दवा का छिड़काव किया गया है और न ही फॉगिंग की कोई व्यवस्था की गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ा है, जिससे मलेरिया और अन्य मच्छर जनित बीमारियों के भी कई मामले सामने आ चुके हैं।

नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की निष्क्रियता पर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अंबुज कुमार ने नाराज़गी जताई है। उन्होंने कहा कि नगर निगम को पहले से सूचना दिए जाने के बावजूद आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने हरिओमनगर 6 एलएफ समेत पूरे आदित्यपुर नगर क्षेत्र में युद्ध स्तर पर डेंगू जांच अभियान और एंटी लार्वा छिड़काव कार्यक्रम चलाने की मांग की है।

अंबुज कुमार ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते जरूरी कदम नहीं उठाए गए, तो यह स्थिति महामारी का रूप ले सकती है। उन्होंने उपायुक्त सरायकेला-खरसावां को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है और जिला प्रशासन से शीघ्र सतत अभियान चलाकर संक्रमण की रोकथाम सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

Share This Article