नीमडीह : झिमड़ी में अवैध क्वार्टजाइट खनन पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

खनन कार्य में संलिप्त लोगों पर एफआईआर दर्ज
सरायकेला/नीमडीह, 07 अगस्त : जिला प्रशासन ने नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत झिमड़ी सोना डूंगरी में अवैध क्वार्टजाइट (सफेद पत्थर) खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते खनन कार्य में संलिप्त लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराया है। उपायुक्त के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी एवं नीमडीह पुलिस ने संयुक्त रूप से अवैध खनन क्षेत्र की जांच की। संयुक्त टीम की जांच में अवैध पत्थर खनन के पर्याप्त साक्ष्य पाए गए हैं। जांच के आधार पर भूमि के मालिक, अनुबंध धारक सहित खनन कार्य से जुड़े लोगों के खिलाफ नीमडीह थाना में एफआईआर दर्ज कराया गया है। खनन पदाधिकारी के लिखित शिकायत पर नीमडीह थाने में सुसंगत धाराओं के साथ एफआईआर दर्ज की गई हैं।
जिला प्रशासन ने दोहराया है कि अवैध खनन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसी गतिविधियों पर निगरानी लगातार जारी रहेगी।
बता दें कि विगत दिनों रात को अवैध रूप से झिमड़ी के सोना डूंगरी में पत्थर खनन एवं परिवहन किए जाने की सूचना पर नीमडीह थाना प्रभारी संतन तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने जेसीबी (वाहन संख्या – JH05W9604) और क्वार्टजाइट खनिज लदे ट्रक (वाहन संख्या – WB37E4245) को जप्त किया था। वहीं, पुलिस ने जप्त किए गए दोनों वाहनों एवं खनन क्षेत्र की जांच हेतु नीमडीह अंचलाधिकारी तथा जिला खनन विभाग को लिखित जानकारी दी थी। इसके बाद ही जिला खनन विभाग हरकत में आई और नीमडीह पुलिस के साथ संयुक्त रूप से खनन क्षेत्र की जांच की। जांच में अवैध खनन क्षेत्र की पुष्टि हुई तथा सभी आरोप सही पाए गए, जिसके बाद ही नीमडीह थाना में एफआईआर दर्ज किया गया है।



