“फिल्मी स्टाइल में 7 लाख की ज्वेलरी चोरी, सोने-चांदी से भरा बैग बाइक से उड़ाया, पुलिस के हाथ खाली!”

जमशेदपुर/पटमदा, 06 अगस्त : पूर्वी सिंहभूम जिले के कमलपुर थाना क्षेत्र के काटिन चौक बाजार में एक चौंकाने वाली चोरी की घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। बाइक सवार अज्ञात चोरों ने ज्वेलरी से भरा करीब 7 लाख रुपये का बैग बेहद चालाकी से उड़ा लिया और मौके से फरार हो गए। भीड़-भाड़ के बीच इतनी सफाई से की गई इस वारदात ने पुलिस और स्थानीय लोगों को हैरानी में डाल दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, काटिन चौक स्थित ‘श्री श्याम ज्वेलर्स’ नामक दुकान के मालिक माणिक स्वर्णकार मंगलवार रात करीब 8:20 बजे दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। उन्होंने सोने-चांदी से भरा बैग अपनी बाइक में टांग रखा था। तभी उन्हें याद आया कि घर के लिए कुछ सामान लेना है। वे बाइक लेकर करीब 100 फीट दूर एक गली में स्थित ‘श्याम भंडार’ दुकान की ओर बढ़े और मुख्य सड़क किनारे बाइक खड़ी कर जैसे ही दुकान की ओर कदम बढ़ाया, पहले से घात लगाए उचक्का मौके का फायदा उठाकर माणिक की बाइक में टंगा बैग झपट लिया।
चश्मदीदों के अनुसार, चोर अपनी बाइक से उतरा, बैग उठाया और पहले से तैयार अपने साथी की बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। सब कुछ इतनी तेजी और सफाई से हुआ कि माणिक स्वर्णकार को कुछ समझ में ही नहीं आया। जब तक वह कुछ समझ पाते, तब तक चोर आंखों से ओझल हो चुके थे।
इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। माणिक के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही कमलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है, परंतु घटना के 16 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
कमलपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित रूटों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था:
इस वारदात ने एक बार फिर से बाजार क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यापारियों में भय और असुरक्षा का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द चोर पकड़े नहीं गए तो अपराधियों का मनोबल और बढ़ जाएगा।


