चांडिल अनुमंडल बार एसोसिएशन ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को दी श्रद्धांजलि, अधिवक्ताओं ने साझा की स्मृतियाँ

चांडिल, 5 अगस्त , मानभूम अपडेट्स : झारखंड आंदोलन के प्रणेता, पूर्व मुख्यमंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर चांडिल अनुमंडल बार एसोसिएशन ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
बार एसोसिएशन कार्यालय परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में अधिवक्ताओं ने शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष बद्रीप्रसाद साहू ने की, जबकि संचालन एवं श्रद्धांजलि वक्तव्य वरिष्ठ अधिवक्ता महेंद्र कुमार महतो ने दिया। उन्होंने शिबू सोरेन के जीवन संघर्ष, उनके सामाजिक आंदोलन और झारखंड राज्य निर्माण में उनकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
महेंद्र महतो ने कहा, “शिबू सोरेन सिर्फ एक राजनीतिक नेता नहीं थे, बल्कि वे झारखंड की आत्मा थे। उनकी लड़ाई जल, जंगल, ज़मीन और आदिवासी अस्मिता के लिए थी। उनका जीवन हम सबके लिए प्रेरणा है।”
सभा में मौजूद अन्य अधिवक्ताओं ने भी शिबू सोरेन के योगदान को याद करते हुए उन्हें झारखंड का मसीहा बताया। सभी ने एक स्वर में कहा कि झारखंड की माटी ने एक महान सपूत को खो दिया है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती।
सभा में उपस्थित प्रमुख अधिवक्तागण : बद्रीप्रसाद साहू (अध्यक्ष), महेंद्र कुमार महतो (सचिव), कमलेश कुमार सिंह, सुभाष चंद्र महतो, संजीव कुमार पात्रा, अशोक झा, जयदेव महतो, सतीश चंद्र, विश्वनाथ कालिंदी, विश्वजीत मंडल, भगीरथ मांझी सहित अनेक अधिवक्ता एवं सदस्य उपस्थित थे।
रिपोर्ट: मानभूम अपडेट्स डेस्कwww.manbhumupdates.com | आपके क्षेत्र की सशक्त आवाज़



