दिशोम गुरु के निधन पर सुबोधकांत सहाय शोकाकुल, कहा – शिबू सोरेन जी का जाना एक युग का अंत

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

दिशोम गुरु के निधन पर सुबोधकांत सहाय शोकाकुल, कहा – शिबू सोरेन जी का जाना एक युग का अंत

रांची, 04 अगस्त : झारखंड आंदोलन के पुरोधा और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर है। इस दुखद अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुबोधकांत सहाय ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि शिबू सोरेन जी का निधन केवल एक नेता की विदाई नहीं, बल्कि एक युग का अंत है।

सुबोधकांत सहाय ने कहा, “यह दुखद समाचार सुनकर मैं अपने आंसुओं को रोक नहीं सका। मुझे यह सौभाग्य मिला कि मैंने उनके साथ दशकों तक राजनीतिक जीवन की यात्रा की। उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से भी अपूरणीय क्षति है।”

उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के सबसे श्रद्धेय नेताओं में से एक थे। उनके निधन से झारखंड के हृदय में ही नहीं, देश की राजनीति में भी एक ऐसी रिक्तता उत्पन्न हो गई है जिसे भर पाना असंभव प्रतीत होता है।

झारखंड आंदोलन के शुरुआती दिनों को याद करते हुए सुबोधकांत सहाय ने कहा कि शिबू सोरेन एक अथक योद्धा थे, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन झारखंड और इसके लोगों के अधिकारों की लड़ाई में समर्पित कर दिया। वह हर उस आवाज के प्रतीक थे जो न्याय, स्वाभिमान और स्वशासन की बात करती थी।

उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता अपने देशोम गुरु को सदैव स्नेह, सम्मान और गर्व के साथ याद रखेगी। अंत में उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि वह दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और उनके परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करें।

Share This Article