कमलपुर अपहरण कांड का हुआ खुलासा : SIT की कार्रवाई में 4 अभियुक्त गिरफ्तार

हथियार व वाहन बरामद – आपराधिक पृष्ठभूमि के हैं आरोपी
सरायकेला, 04 अगस्त 2025 रिपोर्ट: सरायकेला-खरसावां जिले के सीनी ओपी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कमलपुर में हुए एक युवक के अपहरण कांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। मामले में चार अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई है, जिनके पास से हथियार, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किया गया है।
बीते 22 जुलाई 2025 को कमलपुर निवासी एक युवक का अज्ञात अपराधियों द्वारा अपहरण कर फिरौती की मांग की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने एक विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया के नेतृत्व में गठित टीम ने 24 जुलाई 2025 को अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया।
SIT की जांच और गिरफ्तारी
तकनीकी और मनोवैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने सबसे पहले मुख्य साजिशकर्ता अब्दुल्ला खान उर्फ अब्दुल्ला फैजी (19 वर्ष, निवासी कमलपुर) को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक मोबाइल फोन, एक देशी कट्टा, और एक गोली बरामद की गई।
इसके बाद अनुसंधान में जुटी टीम ने तीन अन्य मुख्य अपहरणकर्ताओं को भी गिरफ्तार किया— गिरफ्तार अभियुक्त में शेख अजहरुद्दीन (37 वर्ष), मूल निवासी कमलपुर, वर्तमान में चेपा-पुल, मानगो, जमशेदपुर। मो. कलीम (43 वर्ष), मूल निवासी आदित्यपुर, वर्तमान में डांगरडीह, कपाली। अमीर खान उर्फ भोन्दा (20 वर्ष), मूल निवासी आगरा (उ.प्र.), वर्तमान में मानगो रोड नं. 14, जमशेदपुर को गिरफ्तार किया गया है।
इनके पास से घटना में प्रयुक्त TATA VISTA कार, एक देशी पिस्टल, 6 जिंदा कारतूस, और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास
शेख अजहरुद्दीन : हत्या, लूट व आर्म्स एक्ट से संबंधित कम-से-कम 4 गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें आदित्यपुर और चांडिल थाना क्षेत्र की घटनाएं शामिल हैं।
मो. कलीम : इस पर 10 से अधिक संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या का प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट सहित कई आरोप शामिल हैं। ये आदित्यपुर, सरायकेला और चांडिल थाना क्षेत्र में सक्रिय रहा है।
पुलिस के छापेमारी टीम में समीर कुमार सवैया, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नितिन कुमार, पुलिस निरीक्षक, विनय कुमार, थाना प्रभारी, सरायकेला, राजेन्द्र कुमार, प्रभारी, सीनी ओपी, गौरव कुमार, प्रभारी, खरसावां सहित अन्य सब-इंस्पेक्टर, तकनीकी शाखा और रिजर्व गार्ड के सदस्य शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि कांड में शेष बचे अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी अभियान लगातार जारी है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी पकड़ने की बात कही गई है।
सरायकेला पुलिस की इस त्वरित और निर्णायक कार्रवाई ने न केवल अपहरण कांड का सफल खुलासा किया, बल्कि शातिर अपराधियों को पकड़कर क्षेत्र में कानून व्यवस्था की मजबूत उपस्थिति भी दर्ज की है।
ManbhumUpdates.com — आपके क्षेत्र की सटीक और निष्पक्ष खबरें।



