आंधी की मार : +2 उच्च विद्यालय सिरूम परिसर में मादा चमगादड़ की मौत, शिशु जीवित — वन विभाग से संरक्षण की मांग

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

आंधी की मार : +2 उच्च विद्यालय सिरूम परिसर में मादा चमगादड़ की मौत, शिशु जीवित — वन विभाग से संरक्षण की मांग

कुकडू, 17 मार्च : सोमवार शाम आई तेज आंधी-तूफान का असर कुकडू प्रखंड क्षेत्र में भी देखने को मिला। +2 उच्च विद्यालय सिरूम के परिसर में एक विशाल मादा चमगादड़ और उसका एक शिशु गिरा हुआ पाया गया। आशंका जताई जा रही है कि तेज हवाओं के कारण असंतुलित होकर मादा चमगादड़ किसी दीवार से टकरा गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हालांकि राहत की बात यह है कि उसका शिशु अभी जीवित है, लेकिन वह अत्यंत कमजोर अवस्था में पाया गया है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। लोगों ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए शिशु चमगादड़ को सुरक्षित स्थान पर रखा है, लेकिन उसके उचित उपचार और संरक्षण को लेकर चिंता बनी हुई है।

स्थानीय ग्रामीणों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने वन विभाग से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उनका कहना है कि जीवित शिशु को जल्द से जल्द चिकित्सकीय देखरेख और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि उसकी जान बचाई जा सके।

ग्रामीणों ने यह भी अपील की है कि वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले और वन्यजीव संरक्षण के तहत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे।

यह घटना एक बार फिर प्राकृतिक आपदाओं के दौरान वन्यजीवों पर पड़ने वाले प्रभाव को उजागर करती है और समय रहते संवेदनशील कदम उठाने की जरूरत को रेखांकित करती है।

Share This Article