पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत ने व्यवहार न्यायालय, सरायकेला का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का किया अंकेक्षण

समुचित सुरक्षा को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
सरायकेला, 30 जुलाई : सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत ने आज व्यवहार न्यायालय, सरायकेला का दौरा कर वहां की समग्र सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा अंकेक्षण (Security Audit) करते हुए न्यायालय परिसर की मौजूदा सुरक्षा प्रबंधन का विस्तार से जायजा लिया तथा आवश्यक सुधारात्मक उपायों को लेकर दिशा-निर्देश भी जारी किए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने न्यायालय परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार, सुरक्षा बैरियर, सीसीटीवी कैमरा की स्थिति, सुरक्षाकर्मियों की तैनाती, अग्निशमन व्यवस्था, पार्किंग स्थल, बंदी गृह (हाजत) सहित न्यायिक अधिकारियों एवं आम जनता की आवाजाही वाले प्रमुख बिंदुओं का गहन अवलोकन किया।

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि न्यायालय जैसी संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था में कोई भी कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है, और इसके लिए पुलिस प्रशासन हरसंभव प्रयास कर रहा है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि— सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच और निगरानी सुनिश्चित की जाए। अदालत परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जांच अनिवार्य रूप से हो। बंदी वाहन से लाए जाने वाले आरोपियों के लिए सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित किया जाए। आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए ड्रिल एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाए। फायर सेफ्टी उपकरणों की कार्यक्षमता की समय-समय पर जांच की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने न्यायालय परिसर की समग्र व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित तथा सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जिला पुलिस बल के वरिष्ठ अधिकारी, सरायकेला थाना प्रभारी, न्यायालय परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मी सहित संबंधित विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे।



