झारखंड छात्र मोर्चा के दर्जनों छात्र आजसू में शामिल, सुदेश महतो ने हेमंत सरकार पर बोला हमला

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

झारखंड छात्र मोर्चा के दर्जनों छात्र आजसू में शामिल, सुदेश महतो ने हेमंत सरकार पर बोला हमला

रांची, 29 जुलाई : आजसू पार्टी कार्यालय में मंगलवार को आयोजित एक मिलन समारोह में झारखंड छात्र मोर्चा के दर्जनों छात्र आजसू छात्र संघ में शामिल हो गए। कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री और आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने हेमंत सरकार पर जमकर निशाना साधा।

सुदेश महतो ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था में सुधार की बजाय राजनीतिक स्वार्थ में लिप्त है और राज्यपाल के संवैधानिक अधिकारों पर प्रहार कर रही है। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र और संविधान की मूल भावना का उल्लंघन है। श्री महतो ने सरकार पर युवाओं के साथ छल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बेरोजगारी चरम पर है और नियुक्ति प्रक्रिया सिर्फ कागजों तक सीमित है।

उन्होंने राज्यपाल के अधिकारों में कटौती, कुलपति चयन की प्रक्रिया में बदलाव और जनजातीय सलाहकार परिषद से जुड़े मामलों को उदाहरण के रूप में रखते हुए कहा कि सरकार युवाओं के अधिकारों का हनन कर रही है। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी हर वर्ग की लड़ाई लड़ेगी और विचारों को जोड़कर निर्णायक आंदोलन करेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने कहा कि आजसू ने संघर्ष कर झारखंड राज्य बनाया और पार्टी का इतिहास युवाओं और समाज के हितों के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि आजसू सरकार की विफलताओं के खिलाफ मजबूती से खड़ी होगी।

ये रहे उपस्थित :

कार्यक्रम में दीपक महतो, संजय मेहता, बसंत महतो, कुमुद वर्मा, परवाज खान, ऋतुराज शाहदेव, ओम वर्मा, ज्योत्सना केरकेट्टा, मोहसिन खान, अभिषेक समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

ये हुए शामिल:

प्रताप सिंह के नेतृत्व में रांची, बोकारो, देवघर, चतरा और गिरिडीह जिलों से छात्रों ने आजसू की सदस्यता ली। प्रमुख नामों में प्रताप सिंह, विद्यानंद राय, ऋषभ सिंह, अरुण चौहान, राहुल पासवान, कार्तिक गुप्ता, सचिन सिंह, शुभम तिवारी, किशोर मंडल आदि शामिल हैं।

प्रताप सिंह ने कहा कि आजसू केवल संगठन नहीं, बल्कि एक सोच है जो झारखंड को सुनहरा भविष्य देने के लिए कार्यरत है।

Share This Article