राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासनिक महकमा सतर्क, पश्चिम बंगाल बॉर्डर से आईआईटी आईएसएम तक चल रही सुरक्षा व सुविधाओं की सघन समीक्षा

रांची/धनबाद, 28 जुलाई : आगामी 1 अगस्त 2025 को आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में आयोजित होने वाले 45वें दीक्षांत समारोह में भारत के महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की संभावित उपस्थिति को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में सोमवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने झारखंड-पश्चिम बंगाल की सीमा से लेकर आईआईटी आईएसएम कैंपस तक के मुख्य और वैकल्पिक मार्गों का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विशेष रूप से निरसा हटिया मोड़ कट, गोविंदपुर-टुंडी मार्ग और गोविंदपुर-धनबाद रोड पर यातायात व सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया। हटिया मोड़ कट पर बैरिकेडिंग, सड़क किनारे वाहन खड़े करने पर रोक और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को तेज करने का निर्देश दिया गया।
गोविंदपुर-टुंडी मार्ग की मरम्मत, सफाई और आवश्यक बैरिकेडिंग के साथ ही पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति को सुनिश्चित करने की बात भी कही गई। साथ ही किसान चौक और आसपास के क्षेत्रों में सड़क किनारे शोरूम, होटल और ढाबों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने के सख्त निर्देश दिए गए।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि महामहिम राष्ट्रपति की यात्रा के दौरान सुरक्षा, आवागमन और आतिथ्य व्यवस्था में कोई चूक न हो। इसी क्रम में वरीय अधिकारियों ने आईआईटी परिसर स्थित कार्यक्रम स्थल, प्रेसिडेंट सुइट, विशिष्ट अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था, प्रदर्शनी स्थल, मीडिया गैलरी और स्टेज सहित समस्त महत्वपूर्ण बिंदुओं का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण टीम में उपायुक्त और एसएसपी के अलावा ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, सीटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) हेमा प्रसाद, एसडीओ राजेश कुमार, डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) नौशाद आलम, ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार सिंह समेत कई अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी शामिल थे।
प्रशासन की यह सक्रियता राष्ट्रपति की आगवानी को सफल, सुरक्षित और गरिमामय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



