जेपीएससी में चयनित अभ्यर्थियों को डीसी ने किया सम्मानित, युवाओं को दी प्रेरणादायक शुभकामनाएं

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जेपीएससी में चयनित अभ्यर्थियों को डीसी ने किया सम्मानित, युवाओं को दी प्रेरणादायक शुभकामनाएं

सरायकेला-खरसावां, 28 जुलाई  : झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले सरायकेला-खरसावां जिले के होनहार युवाओं को सोमवार को समाहरणालय स्थित सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। इस समारोह की अध्यक्षता उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने की।

समारोह के दौरान उपायुक्त ने जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों—निशा गोप, नीरज कांदिर, संदीप कुमार बाँकीरा, संजय सिंह सरदार, रामराय हांसदा एवं सुनील मुर्मू को पुष्पगुच्छ, पुस्तक, पेन तथा अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए डीसी ने सभी प्रतिभागियों को प्रेरणादायक शुभकामनाएं भी दीं।

उपायुक्त श्री सिंह ने कहा कि जिले के युवाओं ने कठिन परिश्रम और दृढ़ निश्चय के बल पर यह सफलता अर्जित कर जिले का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि इन युवाओं की उपलब्धि से जिले के अन्य छात्र-छात्राओं को भी नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।

उन्होंने सफल अभ्यर्थियों से संवाद करते हुए उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि और विषयगत रुचियों के बारे में जानकारी ली और उन्हें भावी सेवाकाल के दौरान ईमानदारी, संवेदनशीलता और समर्पण की भावना से कार्य करने की सलाह दी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशिक्षण के दौरान हर पहलू को गंभीरता से सीखना चाहिए और जिज्ञासु स्वभाव बनाए रखना चाहिए।

अपने संबोधन में उपायुक्त ने यह भी कहा कि इस सफलता में अभ्यर्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों का योगदान भी प्रशंसनीय है। उनके त्याग, धैर्य और विश्वास के बिना यह संभव नहीं था।

समारोह में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव, कुचाई के बीडीओ समेत अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

Share This Article