अंधेरे की आहट में थम गई जिंदगी : रिश्तेदारी में जा रहे युवक को ट्रैक्टर ने रौंदा, मौके पर मौत

जमशेदपुर/पटमदा, 28 जुलाई : बीती रात तकरीबन 9 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में कमलपुर थाना क्षेत्र के माकुला गांव के 28 वर्षीय अशोक माझी की मौत हो गई। यह हादसा पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिला अंतर्गत पूंचा थाना क्षेत्र के पूंचा बाजार के समीप घटित हुआ।
अशोक माझी, जो झारखंड के पटमदा प्रखंड अंतर्गत कमलपुर थाना क्षेत्र के माकुला गांव निवासी एवं परेश माझी का बड़ा पुत्र था, वह पेशे से राजमिस्त्री था। रविवार को वह काम से लौटने के बाद अपनी बाइक से पश्चिम बंगाल के पूंचा थाना क्षेत्र अंतर्गत छोलागोड़ा गांव स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूंचा बाजार के पास सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर ने अशोक की बाइक को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर खेत जोतकर सिंगल हैडलाइट में लौट रहा था, जिससे सामने से आ रहे बाइक सवार को समय पर देख पाना संभव नहीं हो पाया। ट्रैक्टर के कैजुअल हिस्से की चपेट में आने से अशोक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही पूंचा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अशोक को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सोमवार को कमलपुर थाना के माध्यम से मृतक के परिजनों को सूचना दी गई। इसके बाद परिजन पूंचा थाना पहुंचे और दोपहर लगभग 12:30 बजे शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए पुरुलिया मेडिकल कॉलेज ले गए।
घटना की जानकारी मिलते ही बांगुड़दा निवासी समाजसेवी अबोध कालिंदी, नीलकमल महतो, वनमाली माझी और सुनील महतो सहित कई लोग पीड़ित परिवार के साथ पहुंचे और सांत्वना दी।
बताते हैं कि अशोक दो भाइयों में बड़ा था। उसके माता-पिता, पत्नी और एक छोटा बेटा है। वह परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसकी आकस्मिक मृत्यु से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन सदमे में हैं और गांव में शोक की लहर है।
इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि यातायात की अव्यवस्था और वाहनों की सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट: ManbhumUpdates.com



