पालना डैम की सैर बना काल – रांची के युवक की डूबने से मौत, दोस्तों संग आया था पिकनिक पर
पलना डैम में डूबने से रांची के बाइक मिस्त्री की मौत

चांडिल, 27 जुलाई : झारखंड की प्राकृतिक मनोरम वादियां लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती हैं, लेकिन इन प्राकृतिक मनोरम छटाओं में अगर सतर्कता ना बरती जाए, सावधानियां ना बरती जाएं तो कभी-कभी बड़ी घटनाएं घट जाती हैं। रविवार को चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के चौका थाना अंतर्गत पलना डैम में भी कुछ ऐसा ही हुआ। प्रकृति के अनुपम छटाओं के बीच स्थित पलना डैम में खुशियों के कुछ पल बीताने के लिए रांची से आए युवकों की टोली की खुशियां में थोड़ी सी चुक के कारण मातम में बदल गई।
रविवार को रांची के हिंदपीढ़ी से आठ युवकों की टोली घूमने के लिए पलना डैम पहुंचे थे। इस दौरान सभी डैम में कल कल करती जलधारा में नहाने उतरे। नहाने के क्रम में एक युवक पानी में डूब गया। जिसके कारण उसकी मृत्यु हो गई इसकी सूचना पाकर चौका थाना की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से पानी में डूबे युवक की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद डैम के अंदर से युवक का शव बरामद किया गया।इस संबंध में चौका थाना प्रभारी बजरंग महतो ने बताया कि मृतक युवक की पहचान रांची के हिंदपीढ़ी निवासी लगभग 26 वर्षीय विशाल तिर्की के रूप में किया गया है। उसके साथ आए अन्य युवकों ने बताया कि वह बाइक मिस्त्री था।
फिलहाल पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेज दिया । वहीं पुलिस मामले की छानबीन भी शुरू कर दी है।



