चांडिल मुख्य बाजार और डैम रोड पर बिजली के तारों का खतरनाक जाल, बड़ी दुर्घटना को दे रहा है न्यौता

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

चांडिल मुख्य बाजार और डैम रोड पर बिजली के तारों का खतरनाक जाल, बड़ी दुर्घटना को दे रहा है न्यौता

चांडिल, 19 जुलाई : चांडिल का मुख्य बाजार और डैम रोड आजकल एक बेहद गंभीर समस्या से जूझ रहा है। इलाके में बिजली के तारों का बेतरतीब और खतरनाक जाल न सिर्फ राहगीरों और दुकानदारों के लिए खतरा बना हुआ है, बल्कि यह किसी बड़ी दुर्घटना का कारण भी बन सकता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, वर्षों से तारों को व्यवस्थित करने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। जगह-जगह ट्रांसफार्मर और बिजली के पोलों से फैले लटकते हुए तार, कई जगहों पर भवनों से टकरा रहे हैं। स्थिति इतनी भयावह है कि एक मामूली स्पार्क या बारिश के दौरान शॉर्ट सर्किट जानलेवा साबित हो सकता है।

फोटो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि ट्रांसफार्मर से निकलने वाले तार सड़क पार कर भवनों की दीवारों और छतों से होकर गुजर रहे हैं। इससे भवनों में रह रहे लोगों को करंट लगने का भी खतरा बना रहता है। वहीं दुकानों के बोर्ड और सीढ़ियों के पास फैले तारों से आए दिन लोग उलझ जाते हैं।

स्थानीय व्यवसायियों का कहना है कि इस कारण ग्राहकों की आवाजाही पर भी असर पड़ रहा है। स्थानीय दुकानदार कहते हैं, “हर समय डर बना रहता है कि कोई तार टूटकर गिर न जाए। बिजली विभाग को कई बार सूचना दी गई है, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन मिला है।”

सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यह क्षेत्र विद्युत विभाग की घोर लापरवाही का उदाहरण बन गया है। ऐसे में यह आवश्यक हो गया है कि प्रशासन और बिजली विभाग त्वरित कार्रवाई कर इन तारों को व्यवस्थित करे और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करे।

यदि समय रहते इस दिशा में कार्रवाई नहीं की गई, तो कोई भी हादसा क्षेत्रवासियों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है।

मुख्य सड़क किनारे ट्रांसफार्मर दे रहे बड़ी घटना को आमंत्रण

चांडिल चौक बाजार समेत कई स्थानों पर मुख्य सड़क के ठीक किनारे पर बिजली ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है जो बड़ी दुर्घटना को आमंत्रित कर रहे हैं। ट्रांसफार्मर जलने या उनमें शॉर्ट सर्किट होना साधारण बात है लेकिन ट्रांसफार्मर जलने अथवा उनमें शॉर्ट सर्किट होने के समय जो चिंगारी निकलती है, वह आसपास के दुकानों में आग लगने का बड़ा कारण हो सकता है। बिजली विभाग और स्थानीय प्रशासन को चाहिए कि ट्रांसफार्मरों को किसी सुरक्षित स्थानों पर स्थापित करें। साथ ही केबल अथवा भूमिगत तार से बिजली आपूर्ति हो।

Share This Article