डिमना नाला में युवती का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

जमशेदपुर, 14 जुलाई : शहर के डिमना – बालीगुमा में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब स्थानीय लोगों ने धोरमबांधा-संकोसाई के पास नाले में एक युवती का शव देखा। शव की एक टांग बंधी हुई थी, जिससे वह नाले में ही फंसा रह गया था।
सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल की स्थिति और शव की अवस्था को देखकर प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या कर शव को नाले में फेंका गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। आसपास के इलाकों में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही है ताकि शव की पहचान हो सके।
स्थानीय लोग इस घटना से भयभीत हैं और उन्होंने जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।



