पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने दिवंगत ददई दूबे को दी श्रद्धांजलि, कहा – कांग्रेस ने एक अभिभावक खो दिया

रांची/धनबाद, 12 जुलाई : झारखंड सरकार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने धनबाद के पूर्व सांसद एवं राज्य के पूर्व मंत्री ददई दूबे के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शनिवार को दिवंगत नेता के आवास पर पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना प्रकट की।
बन्ना गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि ददई दूबे जी से उनका केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि आत्मीय संबंध रहा है। मंत्रीकाल के दौरान ददई दूबे ने उन्हें कई सुझाव एवं जनहित से जुड़े प्रस्ताव दिए, जिन्हें उन्होंने अमल में लाकर लागू किया।
उन्होंने कहा, “धनबाद प्रभारी के रूप में जब मुझे पार्टी की सेवा का अवसर मिला, तब उनका सानिध्य और मार्गदर्शन हमेशा मिला। आज कांग्रेस पार्टी और मैंने एक अभिभावक को खो दिया है। यह व्यक्तिगत क्षति है।”
पूर्व मंत्री ने कहा कि ददई दूबे का राजनीतिक जीवन सादगी, संघर्ष और सेवा का प्रतीक रहा है। उनके निधन से प्रदेश की राजनीति को अपूरणीय क्षति हुई है।
बता दें कि ददई दूबे झारखंड के वरिष्ठ कांग्रेस नेता थे और उन्होंने लंबे समय तक धनबाद क्षेत्र का नेतृत्व किया। उनके निधन से राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर है।



