सपनों की डोली से पहले उठी अर्थी – शादी की तैयारियों में जा रही बेटी और मां की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सपनों की डोली से पहले उठी अर्थी – शादी की तैयारियों में जा रही बेटी और मां की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत

खूंटी, 11 जुलाई : खूंटी जिला से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। शादी की तैयारियों में जुटी एक युवती और उसकी मां की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना तोरपा थाना क्षेत्र की है।

मिली जानकारी के अनुसार, कर्रा थाना क्षेत्र के कुदलुम गांव निवासी सुकरो मिंज अपनी बेटी हन्ना मिंज के साथ स्कूटी पर सवार होकर टूरुंडु गांव गई थीं। दोनों मां-बेटी हन्ना की शादी से संबंधित तैयारियों के लिए ससुराल पक्ष से मिलने कामडरा थाना क्षेत्र के टूरुंडु गांव जा रही थीं। वहां से लौटते वक्त तोरपा-कर्रा मुख्य सड़क पर छाता नदी पुल के पास उनकी स्कूटी की सीधी भिड़ंत एक तेज़ रफ्तार ऑल्टो कार से हो गई।

हादसा इतना भीषण था कि दोनों मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना के बाद पूरे कुदलुम गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार, हन्ना मिंज की शादी तय हो चुकी थी और इसी सिलसिले में वह अपनी मां के साथ ससुराल पक्ष से मिलने गई थीं। पर किसे पता था कि जहां से वे शादी की उम्मीद लेकर लौटी थीं, उसी रास्ते से उनकी अर्थी निकलेगी।

पुलिस ने ऑल्टो कार को जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share This Article