चांडिल प्रखंड के दो गांवों में डायरिया का प्रकोप, कुल 15 लोग प्रभावित — स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से इलाज जारी

चांडिल, 10 जुलाई : चांडिल प्रखंड के दो अलग-अलग गांवों से डायरिया के मामलों की पुष्टि हुई है, जिससे इलाके में स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। चिलगु पंचायत के तुलिन गांव में जहां 13 परिवार प्रभावित हुए हैं, वहीं हारूडीह गांव में भी दो व्यक्ति डायरिया की चपेट में आए हैं।
तुलिन गांव की स्थिति गंभीर मानी जा रही थी, जहां कुल 45 परिवारों में से 13 परिवारों में डायरिया के लक्षण पाए गए। विशेष रूप से एक ही परिवार के सात सदस्य गंभीर रूप से बीमार बताए गए। मामले की जानकारी मिलते ही चिलगु मुखिया करुणा सिंह ने चांडिल प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी को सूचित किया। सूचना मिलते ही आज सुबह चिकित्सकीय टीम गांव पहुंची और पीड़ितों का प्राथमिक उपचार किया गया। वर्तमान में सभी मरीजों की स्थिति पहले से बेहतर बताई जा रही है। स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि शत्रुघ्न सिंह ने भी गांव का दौरा किया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर हाल जाना।

वहीं दूसरी ओर, हारूडीह गांव में भी डायरिया के दो मामले सामने आए हैं। चांडिल अनुमंडलीय अस्पताल के प्रभारी डॉक्टर शुभेंदु शेखर हांसदा ने स्वयं गांव का दौरा किया और दोनों मरीजों को अपने साथ एमजीएम, जमशेदपुर ले जाकर भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टर हांसदा ने ग्रामीणों को स्वच्छता एवं स्वच्छ पेयजल के महत्व पर जागरूक किया और स्वास्थ्य सतर्कता बनाए रखने की अपील की।
स्वास्थ्य विभाग की त्वरित पहल से दोनों गांवों में हालात काबू में आते दिख रहे हैं। प्रशासन से यह भी मांग की गई है कि प्रभावित इलाकों में नियमित स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं और पेयजल की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि डायरिया जैसी बीमारियों को फैलने से रोका जा सके।



