भारत बंदी के समर्थन में SUCI (कम्युनिस्ट) ने चांडिल में निकाली रैली, सरकार की नीतियों के खिलाफ की नारेबाजी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

भारत बंदी के समर्थन में SUCI (कम्युनिस्ट) ने चांडिल में निकाली रैली, सरकार की नीतियों के खिलाफ की नारेबाजी

चांडिल, 09 जुलाई : भारत बंदी के आह्वान पर मंगलवार को चांडिल बाजार में SUCI (कम्युनिस्ट) पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार रैली निकाली और एक सभा का आयोजन किया। इस दौरान मजदूरों, किसानों, बेरोजगारों और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध किया गया।

रैली को संबोधित करते हुए पार्टी के चांडिल अनुमंडल कमेटी इंचार्ज अनंत कुमार महतो ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने मौजूदा 29 श्रम कानूनों को समाप्त कर 4 नए लेबर कोड लागू करने की घोषणा की है, जो श्रमिकों के हक पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मज़दूरों के वर्षों के संघर्ष से प्राप्त अधिकारों को छीनकर मालिक वर्ग को मज़दूरों के शोषण की खुली छूट दे रही है।

पार्टी की जिला कमेटी के सदस्य आशुदेव महतो ने कहा कि SUCI पार्टी सरकार की ‘हायर एंड फायर’ नीति, काम के घंटों में बढ़ोतरी, शिक्षा का निजीकरण, बिजली दर और रेल भाड़ा वृद्धि, स्कूल बंदी जैसे फैसलों के खिलाफ है। उन्होंने न्यूनतम वेतन ₹26,000 करने, स्कीम वर्करों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने, सभी कच्चे कर्मियों को स्थायी करने, पुरानी पेंशन बहाल करने, समान काम के लिए समान वेतन लागू करने, और सभी बेरोजगारों को रोजगार देने की मांगों को दोहराया।

सभा को मजदूर नेता बुद्धेश्वर माझी ने भी संबोधित किया और सभी श्रमिकों, छात्रों, किसानों, महिलाओं और युवाओं से भारत बंद को सफल बनाने की अपील की।

इस कार्यक्रम में हराधन महतो, धीरेन गौड़, भुजंग मछुआ, युधिष्ठिर प्रामाणिक, राजा प्रामाणिक, नेपाल किस्कू, मदन हांसदा समेत कई कार्यकर्ता शामिल हुए।

Share This Article