खरसावां के उत्क्रमित मध्य विद्यालय का जिला शिक्षा पदाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण, शिक्षिका का वेतन रोका गया

खरसावां,07 जुलाई : खरसावां प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, कदमडीहा में आज जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा द्वारा अचानक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई, जिसमें विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन व्यवस्था, स्वच्छता और शिक्षकों की उपस्थिति प्रमुख रूप से शामिल थे।
निरीक्षण के दौरान शिक्षिका ज्योत्स्ना बेहरा के बिना किसी सूचना के विद्यालय से अनुपस्थित पाए जाने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से उनके वेतन भुगतान पर रोक लगाने का आदेश दिया।
श्री मिश्रा ने विद्यालय में छात्राओं की कम उपस्थिति पर गहरी चिंता जताई और शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान श्री मिश्रा ने छात्रों से संवाद कर उनकी पढ़ाई और समझ का स्तर परखा और उन्हें नियमित पढ़ाई के लिए प्रेरित भी किया।
विद्यालय परिसर की साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि स्कूल एवं उसके आस-पास की सफाई हर दिन सुनिश्चित की जाए। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि वे विभागीय मानकों के अनुरूप अनुशासन में रहकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें और विद्यालय को एक प्रेरणादायक शिक्षण केंद्र बनाएं।
ManbhumUpdates.com इस खबर से जुड़े सभी अपडेट्स आपको सबसे पहले पहुंचाएगा।
नीचे कमेंट करें : क्या आपके स्कूल में भी होती है ऐसी सख्त निगरानी?



