महाप्रभु जगन्नाथ की रथयात्रा मठिया आश्रम से निकलेगी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

श्रद्धा, आस्था और भक्ति के रंग में रंगा चांडिल, रथयात्रा की सभी तैयारियाँ पूरी

 

चांडिल, 27 जून : चांडिल स्थित जूना अखाड़ा के साधु बांध मठिया आश्रम से आज महाप्रभु जगन्नाथ जी की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। रथयात्रा को लेकर आश्रम परिसर सहित चांडिल बाजार का माहौल पूरी तरह भक्ति और उल्लास से सराबोर है।

रथयात्रा की अगुवाई जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पारडीह काली मंदिर के महंत विद्यानंद सरस्वती करेंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का जमावड़ा हो चुका है। दूर-दूर से आए भक्तगण मठिया आश्रम में एकत्र हुए हैं।

रथयात्रा मठिया आश्रम से प्रारंभ होकर चांडिल बाजार होते हुए चांडिल रेलवे स्टेशन तक जाएगी। तीन अलग-अलग रथों पर विराजमान होकर महाप्रभु जगन्नाथ, उनकी बहन सुभद्रा और भाई बलराम जी मौसी बाड़ी के लिए रवाना होंगे।

रथयात्रा को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और स्वयंसेवकों की टीम पूरे मार्ग पर मुस्तैद है ताकि श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था बनी रहे।

श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। डोल-नगाड़े, भजन-कीर्तन और हरि नाम संकीर्तन के साथ वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो चुका है।

महंत विद्यानंद सरस्वती ने बताया कि रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सद्भाव का भी प्रतीक है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से शांति, अनुशासन और सेवा भाव के साथ कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

Share This Article