
खरसावां के अर्जुना स्टेडियम और दुगनी तीरंदाजी केंद्र में हुई प्रतियोगिताएं, पुरुष एवं महिला तीरंदाजी में छह खिलाड़ियों ने हासिल किए शीर्ष स्थान
सरायकेला, 19 नवंबर : झारखंड स्थापना दिवस समारोह-2026 के तहत आयोजित भगवान बिरसा मुंडा लोकप्रिय ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। गुरुवार को जिला खेल कार्यालय की ओर से आयोजित प्रतियोगिता के तहत फुटबॉल, हॉकी और तीरंदाजी की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। फुटबॉल एवं हॉकी के बालक-बालिका वर्ग के विजेता और उपविजेता टीमों के परिणाम घोषित किए गए, वहीं तीरंदाजी में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के तहत खरसावां स्थित अर्जुना स्टेडियम में फुटबॉल और हॉकी की टीम स्पर्धाएं हुईं, जबकि दुगनी स्थित आवासीय तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र में व्यक्तिगत तीरंदाजी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
हॉकी और फुटबॉल में इन टीमों ने मारी बाजी
बालिका हॉकी स्पर्धा में हॉकी मानासिंह की टीम विजेता रही, जबकि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), राजनगर की टीम उपविजेता बनी। बालिका फुटबॉल में केजीबीवी राजनगर ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं केजीबीवी खरसावां की टीम उपविजेता रही।
बालक हॉकी में हॉकी सिंहभूम, सरायकेला की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि प्लस टू उच्च विद्यालय, खरसावां की टीम दूसरे स्थान पर रही। बालक फुटबॉल में छोटा चाकड़ी, कुचाई की टीम विजेता बनी, जबकि एनआर सरायकेला की टीम उपविजेता रही।
तीरंदाजी में पुरुष वर्ग से धनराज नाग और महिला वर्ग से सुनीता टुटी अव्वल
तीरंदाजी की व्यक्तिगत स्पर्धा में पुरुष वर्ग में धनराज नाग ने प्रथम, सुराज जामुदा ने द्वितीय और लुथरू हांसदा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में सुनीता टुटी प्रथम, सोनम सांगा द्वितीय और बाहा बेसरा तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और पारंपरिक खेलों के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध कराना है।
प्रतियोगिता के दौरान जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी उपस्थित रहे। जिला खेल कार्यालय की ओर से प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।



