
उपायुक्त राजीव रंजन ने रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह, कहा- रक्तदान से बड़ा कोई मानव सेवा का कार्य नहीं
जमशेदपुर, 15 नवंबर : झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के अवसर पर समाहरणालय परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला प्रशासन के पदाधिकारियों, कर्मचारियों सहित अन्य रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान कुल 37 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
शिविर में उपायुक्त राजीव रंजन ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए स्वेच्छा से रक्तदान करने वाले सभी लोगों की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक पुनीत कार्य है। इससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। रक्तदान के माध्यम से किसी व्यक्ति की जान बचाने में योगदान देना मानवता और सामाजिक संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
इस शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग करना था। शिविर में रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की।



