स्कूलों में गूंजेगी झारखंड की गौरव गाथा, विद्यार्थियों को बताए जाएंगे महापुरुषों और आंदोलनकारियों के योगदान

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

17 से 20 नवंबर तक जिले के सभी विद्यालयों में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन, राज्य के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत की दी जाएगी जानकारी

सरायकेला, 17 नवंबर : झारखंड राज्य के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर विद्यार्थियों को राज्य के गौरवशाली इतिहास, महापुरुषों के योगदान और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के लिए जिले के सभी विद्यालयों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 17 से 20 नवंबर तक प्रतिदिन विद्यालयों में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित कर छात्र-छात्राओं को झारखंड के इतिहास और राज्य निर्माण के संघर्षों की जानकारी दी जाएगी।

विभागीय निर्देश के आलोक में उपायुक्त के निर्देशानुसार जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक के नेतृत्व में यह पहल शुरू की गई है। अभियान के तहत प्रतिदिन सुबह 9 बजे से 9:30 बजे तक आयोजित विशेष प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को झारखंड के गौरवशाली इतिहास, महापुरुषों, आंदोलनकारियों के संघर्ष एवं योगदान तथा अलग राज्य के गठन के ऐतिहासिक महत्व से अवगत कराया जा रहा है।

इस दौरान छात्र-छात्राओं को झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, गौरवशाली विरासत और राज्य की उपलब्धियों के बारे में भी जानकारी दी जा रही है। साथ ही विद्यार्थियों को झारखंड के विकास एवं समृद्धि में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की शपथ दिलाई जा रही है।

प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपने राज्य के इतिहास और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ना तथा महापुरुषों एवं आंदोलनकारियों के योगदान के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में झारखंड के प्रति गौरवबोध पैदा करने के साथ राज्य के विकास में अपनी भूमिका निभाने की प्रेरणा देने का प्रयास किया जा रहा है।

Share This Article