
सड़क दुर्घटना में घायल कपाली के सात वर्षीय आरीश खान के इलाज के लिए मिले एक लाख रुपये, मुख्यमंत्री राहत कोष से दो अन्य मरीजों को भी मिली मदद
चांडिल, 17 नवंबर : गंभीर बीमारी और दुर्घटना में घायल होकर इलाज करा रहे तीन जरूरतमंद मरीजों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 2.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। ईचागढ़ की विधायक सविता महतो की पहल पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यह सहायता राशि उपलब्ध कराई है। विधायक ने तीनों मरीजों के परिजनों को सहायता राशि का चेक सौंपा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कपाली के ईस्लामनगर निवासी सात वर्षीय आरीश खान को सड़क दुर्घटना में गंभीर चोट आई थी। उसके सिर में गंभीर चोट लगने के कारण रांची के रानी चिल्ड्रेन अस्पताल में इलाज चल रहा था। उसके उपचार के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से एक लाख रुपये की सहायता दी गई है।
वहीं, ईचागढ़ प्रखंड के दलालग्राम निवासी कादली गोप को पेट संबंधी गंभीर बीमारी के इलाज के लिए 75 हजार रुपये तथा नीमडीह प्रखंड के सीमा गुंडा निवासी पवन महतो को इलाज के लिए 75 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
बताया गया कि तीनों मरीजों के परिवारों की कमजोर आर्थिक स्थिति और इलाज में आ रही परेशानियों को देखते हुए विधायक सविता महतो ने 27 अक्टूबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री द्वारा सहायता राशि स्वीकृत किए जाने के बाद विधायक ने परिजनों को चेक सौंपा।
इस मौके पर विधायक सविता महतो ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारी या दुर्घटना की स्थिति में इलाज के लिए आर्थिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए वे लगातार प्रयासरत हैं।
इस अवसर पर झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू, मो. नौशाद, मो. सलाउद्दीन, टिंकू महतो समेत अन्य लोग उपस्थित थे।



