
होमगार्ड बहाली से लेकर जमीन विवाद, पेंशन, राशन कार्ड और पेयजल तक के मामले पहुंचे – उपायुक्त ने कहा- आवेदकों को अनावश्यक कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े
जमशेदपुर, 13 नवंबर : आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय में जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया। इसमें जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को उपायुक्त राजीव रंजन के समक्ष रखा। उपायुक्त ने एक-एक कर सभी आवेदकों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को मामलों की जांच कर प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जन शिकायत निवारण दिवस में इस बार कई विभागों से जुड़ी समस्याएं सामने आईं। इनमें होमगार्ड बहाली, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, स्थानांतरण एवं प्रतिनियोजन, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र, पेंशन और राशन कार्ड से संबंधित मामले प्रमुख रहे। इसके अलावा आवास योजना, पेयजल, बिजली, सड़क, नाला सफाई, जलजमाव, अतिक्रमण, नगर निकाय क्षेत्रों में साफ-सफाई तथा चिकित्सा एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी शिकायतें भी प्राप्त हुईं।
उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए तथ्यों की जांच करें और नियमानुसार आवेदकों को राहत पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान जिला स्तर पर संभव है, उनका तत्काल निष्पादन किया जाए। वहीं, स्थल निरीक्षण अथवा दूसरे विभागों के साथ समन्वय की आवश्यकता वाले मामलों में आवश्यक कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागीय पदाधिकारी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करें, ताकि लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े।



