रफ्तार का कहर: ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार 26 वर्षीय युवक की मौके पर मौत, चार साल पहले हुई थी शादी

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

चांडिल-पुरुलिया न्यू बायपास रोड पर रावताड़ा चौक के सामने हादसा, सड़क सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश – पितकी ओवरब्रिज के उद्घाटन के दौरान भी उठी थी सुरक्षा व्यवस्था की मांग

चांडिल, 10 नवंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चांडिल-पुरुलिया न्यू बायपास रोड पर रावताड़ा चौक के सामने मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े बाइक सवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद इलाके में शोक के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अपनी बाइक के साथ सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रावताड़ा निवासी 26 वर्षीय अभिजीत गोराई के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अभिजीत एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था। उसकी शादी महज चार वर्ष पहले हुई थी। कम उम्र में उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

सड़क सुरक्षा की मांग के बावजूद नहीं हुई पर्याप्त व्यवस्था!

इस दुर्घटना ने एक बार फिर चांडिल-पुरुलिया न्यू बायपास रोड पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। गौरतलब है कि पितकी ओवरब्रिज के लोकार्पण के दौरान भी स्थानीय लोगों ने केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह सांसद संजय सेठ के समक्ष इस स्थान पर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग उठाई थी। उस समय संजय सेठ ने एनएचएआई के माध्यम से पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया था।

इसके बावजूद रावताड़ा चौक के सामने हुए इस दर्दनाक हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत को फिर से सामने ला दिया है। घटना के बाद स्थानीय लोग प्रशासन और एनएचएआई से सड़क पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने, दुर्घटनाजन्य स्थलों को चिह्नित करने तथा वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों का सवाल है कि आखिर सड़क सुरक्षा के लिए आश्वासन मिलने के बावजूद हादसों को रोकने के लिए जरूरी कदम कब उठाए जाएंगे? एक और हादसे में 26 वर्षीय युवक की जिंदगी खत्म हो गई, लेकिन अब सवाल है कि क्या प्रशासन किसी और बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?

Share This Article