
करकेट्टा डैम, खरसावां शिव मंदिर और भीमखंदा को पर्यटन के लिहाज से विकसित करने की पहल, पेयजल, लाइटिंग, पार्किंग और सौंदर्यीकरण पर होगा जोर
सरायकेला, 07 नवंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों की सूरत बदलने की तैयारी शुरू हो गई है। जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटकों के लिए बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने के उद्देश्य से उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने शनिवार को तीन प्रमुख पर्यटन स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विकास योजनाओं का विस्तृत प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कुचाई प्रखंड स्थित करकेट्टा डैम, खरसावां स्थित शिव मंदिर तथा राजनगर प्रखंड के भीमखंदा का स्थल निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और पर्यटन विकास की संभावनाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने जिला पर्यटन पदाधिकारी सह जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार को तीनों स्थलों के विकास के लिए आवश्यक कार्यों का आकलन कर विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक स्थल की भौगोलिक स्थिति, प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखकर विकास की योजना बनाई जाए।
पर्यटकों की सुविधा के लिए बैठने एवं विश्राम करने की व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, शौचालय, पार्किंग और पहुंच पथ जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण, आकर्षक लाइटिंग, लैंडस्केपिंग, व्यू-प्वाइंट और मनोरंजन संबंधी सुविधाओं के विकास की संभावनाओं पर भी प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि पर्यटन स्थलों का विकास होने से जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इससे न केवल पर्यटकों का आकर्षण बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे।
निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।



