तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, एमजीएम में इलाज के दौरान तोड़ा दम

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

 

कांदरबेड़ा-दोमुहानी मार्ग पर कामारगोड़ा चौक के समीप हुआ हादसा, कपाली निवासी और धातकीडीह के युवक की गई जान

 

चांडिल, 06 नवंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत कांदरबेड़ा-दोमुहानी मार्ग पर कामारगोड़ा चौक के समीप गुरुवार को भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार की जोरदार टक्कर से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची कपाली पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दोनों युवक कामारगोड़ा चौक के समीप से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर कपाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

मृतकों की पहचान कपाली निवासी शुभाष कर्मकार और जमशेदपुर के धातकीडीह निवासी लाया मुखी के रूप में हुई है। इस हादसे में दो युवकों की असमय मौत से उनके परिजनों में शोक की लहर है।

Share This Article