महिला सुरक्षा को लेकर एसपी सख्त, देर रात तीन थानों का किया औचक निरीक्षण

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

आदित्यपुर, आरआईटी और गम्हरिया थाना पहुंचकर अभिलेखों व सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, पुलिस पदाधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

 

आदित्यपुर, 05 नवंबर : गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ आरक्षी द्वारा कथित दुष्कर्म की घटना के बाद सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी पुलिस व्यवस्था को लेकर सख्त नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार देर रात एसपी ने आदित्यपुर, आरआईटी एवं गम्हरिया थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थानों के अभिलेखों, थाना परिसर की व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली का जायजा लिया।

 

निरीक्षण के दौरान एसपी ने मौजूद पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विशेष रूप से महिला सुरक्षा, महिलाओं के अधिकारों और उनसे जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरतने पर जोर दिया। उन्होंने ओडी पदाधिकारी को महिला संबंधी शिकायतों एवं मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

 

एसपी ने थानों की गश्ती व्यवस्था की भी जानकारी ली और पुलिस गश्ती दलों की सक्रियता बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहें और आम लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

 

गौरतलब है कि गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ आरक्षी द्वारा कथित दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद पुलिस महकमे की कार्यशैली पर सवाल उठे हैं। ऐसे में एसपी अब खुद देर रात सड़कों पर उतरकर अधीनस्थ पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। बुधवार रात का औचक निरीक्षण भी इसी सख्ती और पुलिस व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।

 

इस दौरान एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज समेत संबंधित थानों के थाना प्रभारी, एसआई, एएसआई एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।

Share This Article