
चांडिल, 13 जून : उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने शुक्रवार को चांडिल प्रखंड के मातकमडीह पंचायत भवन स्थित वन धन विकास केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में कार्यरत पीवीटीजी (PVTGs) समुदाय की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों की निर्माण प्रक्रिया, गुणवत्ता और विपणन व्यवस्था की विस्तार से जानकारी ली।
उपायुक्त ने उत्पादन लागत, बिक्री मूल्य एवं लाभ की जानकारी लेते हुए उप विकास आयुक्त और अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल को चैंबर ऑफ कॉमर्स के साथ समन्वय स्थापित कर उत्पादों के लिए उचित मूल्य निर्धारण एवं बाजार उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने महिलाओं से सीधे संवाद कर उनके कार्य अनुभव, प्रशिक्षण और उत्पादन में आ रही चुनौतियों को जाना। उन्होंने महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन उनके कौशल को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहायता देगा।
निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त द्वारा डाकिया योजना के अंतर्गत जून एवं जुलाई माह का अनाज वितरण भी किया गया। उन्होंने लाभुकों से योजना की प्रभावशीलता और संतोषजनक क्रियान्वयन की जानकारी ली और आवश्यक सुधार के सुझाव भी आमंत्रित किए।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल विकास कुमार राय, बीडीओ तालेश्वर रविदास एवं बीपीएम (JSLPS) भी उपस्थित थे।



