जुगसलाई में चर्मरोग जांच शिविर, 17 संदिग्ध मरीजों की जांच में एक नए कुष्ठ रोगी की पुष्टि

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

‘मेरी दोस्ती तुमसे’ अभियान के तहत मरीजों को नि:शुल्क दवा, एमसीआर चप्पल और सेल्फ केयर किट वितरित

जमशेदपुर, 13 अक्टूबर : राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले में चलाए जा रहे ‘मेरी दोस्ती तुमसे’ (एमडीटी) 100 दिवसीय कुष्ठ जागरूकता अभियान के अंतर्गत मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जुगसलाई में एक दिवसीय नि:शुल्क चर्मरोग जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सहियाओं द्वारा खोजे गए 17 संदिग्ध मरीजों की जांच की गई, जिसमें एक नए कुष्ठ रोगी की पुष्टि हुई।

जांच के बाद नए मरीज को नि:शुल्क एमडीटी दवा उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा 13 मरीजों को एमसीआर चप्पल और पांच मरीजों को सेल्फ केयर किट वितरित किए गए। शिविर में डॉ. राजीव और पीएमडब्ल्यू संगीता चाकी ने मरीजों की जांच में सहयोग किया।

जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. मृत्युंजय धावड़िया ने बताया कि शरीर पर किसी प्रकार का दाग होने और उस स्थान पर निश्चित सुनापन महसूस होने पर कुष्ठ रोग की आशंका हो सकती है। ऐसी स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुष्ठ रोग न तो अभिशाप है और न ही पिछले जन्म का पाप, बल्कि यह बैक्टीरिया से होने वाला रोग है। इसका इलाज सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में नि:शुल्क उपलब्ध है।

उन्होंने कुष्ठ रोग के प्रमुख लक्षणों, प्रकार, उपचार और इससे होने वाली दिव्यांगता के बारे में भी जानकारी दी।

वहीं, जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव महतो ने सेल्फ केयर के महत्व और रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी के माध्यम से कुष्ठ रोग से उत्पन्न कुछ दिव्यांगताओं को ठीक करने की जानकारी दी। उन्होंने सहियाओं को कुष्ठ रोगियों की पहचान और उपचार में सहयोग के लिए विभाग की ओर से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि के बारे में भी बताया।

अभियान का उद्देश्य कुष्ठ रोगियों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने के साथ समाज में व्याप्त भ्रांतियों एवं भेदभाव को दूर करना है।

Share This Article