सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने सांसद विद्युत वरण महतो को भी दी जानकारी, मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
जमशेदपुर, 05 अक्टूबर : टाटानगर रेलवे स्टेशन से अमृतसर के बीच चलने वाली जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को सप्ताह में तीन दिन के बजाय प्रतिदिन चलाने की मांग तेज हो गई है। इसे लेकर सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के 31 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने दक्षिण पूर्व रेलवे के उप महाप्रबंधक मनीष जैन को ज्ञापन सौंपा। वहीं, कमेटी ने सांसद विद्युत वरण महतो को भी पत्र के माध्यम से मांग से अवगत कराया।
ज्ञापन में कहा गया कि कोरोना काल से पहले जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का नियमित परिचालन होता था, लेकिन इसके बाद ट्रेन का परिचालन सप्ताह में तीन दिनों तक सीमित कर दिया गया। इससे जमशेदपुर, कोल्हान और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को पंजाब सहित अन्य राज्यों की यात्रा में परेशानी हो रही है।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार रोजगार, व्यापार, शिक्षा, इलाज और पारिवारिक कार्यों के लिए बड़ी संख्या में लोग पंजाब की यात्रा करते हैं। ट्रेन के सीमित परिचालन के कारण यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेनों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे टिकट की उपलब्धता और यात्रा को लेकर परेशानी होती है।
कमेटी ने कहा कि इस संबंध में पूर्व में भी रेल प्रशासन को कई बार ज्ञापन दिया गया है और सकारात्मक आश्वासन मिले हैं, लेकिन अब तक दैनिक परिचालन शुरू नहीं हुआ।
कमेटी ने चेतावनी दी कि मांग पर जल्द निर्णय नहीं होने पर टाटानगर रेलवे स्टेशन पर आंदोलन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर रेल चक्का जाम करने की भी चेतावनी दी गई है।



