विधायक सविता महतो ने किया शिलान्यास, कहा- सरकारी विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता
चांडिल, 05 अक्टूबर : ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में सोमवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के तहत कुल 3 करोड़ 53 लाख 99 हजार 613 रुपये की लागत से बनने वाले चार प्रयोगशाला भवन और 16 अतिरिक्त वर्ग कक्ष भवनों का विधायक सविता महतो ने विधिवत शिलापट्ट का अनावरण कर शिलान्यास किया।
इस योजना के तहत एसएन उच्च विद्यालय टीकर, उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय देवलटांड़, राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय तिरुलडीह (कुकड़ू) तथा उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय चौका में प्रयोगशाला भवनों का निर्माण कराया जाएगा। चारों प्रयोगशाला भवनों के निर्माण पर 1 करोड़ 48 लाख 27 हजार 815 रुपये खर्च किए जाएंगे।
वहीं, विक्रमादित्य प्लस टू उच्च विद्यालय, ईचागढ़ में पांच तथा एएन प्लस टू उच्च विद्यालय, पीलीद में 11 अतिरिक्त वर्ग कक्ष बनाए जाएंगे। इन 16 अतिरिक्त वर्ग कक्षों के निर्माण पर 2 करोड़ 2 लाख 71 हजार 798 रुपये खर्च होंगे।
इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। प्रयोगशाला भवनों के निर्माण से विद्यार्थियों को प्रायोगिक शिक्षा का बेहतर अवसर मिलेगा, जबकि अतिरिक्त कक्षा कक्ष बनने से पठन-पाठन के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध होगी। इससे विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी।
विधायक ने निर्माण कार्य करने वाले संवेदक को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने और कार्य को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
शिलान्यास कार्यक्रम में ईचागढ़ प्रमुख गुरुपद मार्डी, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष निताई उरांव, सपन आदित्यदेव, नरेन गोप, अमित सिन्हा, पंचानन पातर, मधु गोप, हरेन महतो, पशुपति बागची सहित संबंधित विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, ग्राम प्रधान और ग्रामीण उपस्थित थे।



