नेशनल हाईवे पर अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान, 72 वाहनों से 3.90 लाख रुपये जुर्माना वसूला

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

नेशनल हाईवे पर अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान, 72 वाहनों से 3.90 लाख रुपये जुर्माना वसूला

जमशेदपुर, 30 सितंबर : सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध एवं अनधिकृत पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान डिमना चौक से बड़ाबांकी तक सड़क किनारे नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर कार्रवाई की गई।

एसडीएम धालभूम के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ), डीएसपी ट्रैफिक, एमवीआई, सड़क सुरक्षा टीम और पुलिस बल शामिल रहे। टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों की जांच करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की।

अभियान के दौरान कुल 72 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3 लाख 90 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

जिला प्रशासन के अनुसार सड़क किनारे अनधिकृत तरीके से वाहनों की पार्किंग से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। इसे देखते हुए उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य क्षेत्रों में भी अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित अभियान चलाने का निर्देश दिया है।

प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार सड़क सुरक्षा के लिए अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Share This Article