आजसू में इस्तीफों का सिलसिला जारी, नीमडीह जिला परिषद सदस्य असित सिंह पात्र ने भी छोड़ी पार्टी

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

आजसू में इस्तीफों का सिलसिला जारी, नीमडीह जिला परिषद सदस्य असित सिंह पात्र ने भी छोड़ी पार्टी

चांडिल/नीमडीह, 29 सितंबर : ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में आजसू पार्टी से नेताओं के इस्तीफे का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पार्टी के केंद्रीय महासचिव और ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र से 2019 एवं 2024 में प्रत्याशी रहे हरेलाल महतो के पार्टी छोड़ने के बाद अब नीमडीह जिला परिषद सदस्य एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय सदस्य असित सिंह पात्र ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो को भेज दिया है।

हरेलाल महतो ने 26 सितंबर को आजसू पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और केंद्रीय महासचिव पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारियों के इस्तीफे की खबरें सामने आईं। इसी बीच केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर सरायकेला-खरसावां जिला कमेटी सहित जिले की संगठनात्मक इकाइयों को भंग कर नए सिरे से संगठन खड़ा करने की घोषणा की गई।

जिला कमेटी भंग होने के बाद पार्टी के विभिन्न स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के इस्तीफे सामने आने लगे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को असित सिंह पात्र के इस्तीफे ने ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है।

असित सिंह पात्र की पहचान सिर्फ राजनीतिक नेता के रूप में ही नहीं, बल्कि क्षेत्र में एक सामाजिक नेता के रूप में भी रही है। वे दलमा आंचलिक सुरक्षा समिति के अध्यक्ष भी हैं। इसके अलावा कई संगठनों का भी नेतृत्व करते हैं। विशेषकर आदिवासी बहुल क्षेत्रों में उनकी सामाजिक सक्रियता और जनसंपर्क को महत्वपूर्ण माना जाता है।

विगत झारखंड पंचायत चुनाव में असित सिंह पात्र ने नीमडीह जिला परिषद क्षेत्र से चुनाव जीत दर्ज की थी। उनके परिवार के अन्य सदस्यों ने भी पंचायत चुनाव में सफलता हासिल की थी। उनकी पत्नी समानपुर पंचायत से पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित हुई थीं, जबकि उनकी भाभी इसी पंचायत से मुखिया चुनी गई थीं। वहीं, उनके साथ सक्रिय रहने वाले एक सहयोगी के निर्विरोध वार्ड सदस्य चुने जाने की बात भी सामने आई थी।

असित सिंह पात्र के आजसू से इस्तीफे को ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के हालिया संगठनात्मक घटनाक्रम की एक और महत्वपूर्ण कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, उनके इस्तीफे के पीछे के कारणों और आगे की राजनीतिक दिशा को लेकर उनकी ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

हरेलाल महतो के इस्तीफे के बाद शुरू हुए इस घटनाक्रम में लगातार सामने आ रहे इस्तीफों ने ईचागढ़ क्षेत्र में आजसू के संगठन और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चर्चा बढ़ा दी है।

Share This Article