पारडीह से बालीगुमा तक अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान, 45 वाहन संचालकों से 2.5 लाख से अधिक जुर्माना
जमशेदपुर, 29 सितंबर : नेशनल हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने पारडीह से बालिगुमा तक अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी और डीएसपी ट्रैफिक के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान सड़क किनारे और सड़क क्षेत्र में अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान में रोड सेफ्टी टीम और पुलिस बल भी शामिल रहे। इस दौरान नेशनल हाईवे पर अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 45 वाहन संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2.5 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।
प्रशासन के अनुसार, नेशनल हाईवे या अन्य प्रमुख सड़कों पर अवैध पार्किंग से यातायात परिचालन प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। इसे देखते हुए सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
प्रशासन ने वाहन संचालकों और चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की अपील की है। साथ ही नेशनल हाईवे और सड़क किनारे अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा नहीं करने तथा यातायात नियमों का पालन कर सड़क सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने को कहा है।



