लगातार चोरी और बैंक डकैती के विरोध में गोलमुरी बाजार बंद, सड़क पर उतरे दुकानदार

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

लगातार चोरी और बैंक डकैती के विरोध में गोलमुरी बाजार बंद, सड़क पर उतरे दुकानदार

जमशेदपुर, 26 सितंबर : गोलमुरी क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी और लूट की घटनाओं के विरोध में शनिवार को गोलमुरी बाजार के दुकानदारों और व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। बड़ी संख्या में व्यापारी सड़क पर उतरे और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताते हुए नारेबाजी की। व्यापारियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

दरअसल, गुरुवार सुबह गोलमुरी मस्जिद रोड स्थित केनरा बैंक शाखा में हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े डकैती की घटना को अंजाम दिया था। बताया गया कि करीब पांच अपराधी रेनकोट पहनकर बैंक में दाखिल हुए और सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट करने के बाद बैंक कर्मचारियों व ग्राहकों को बंधक बना लिया। अपराधियों ने हथियार के बल पर बैंक का चेस्ट और गोल्ड सेफ खुलवाया और लाखों रुपये नकद के साथ बड़ी मात्रा में सोना लेकर फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब 43 लाख रुपये नकद और 23 किलो से अधिक सोना लूटे जाने की बात सामने आई है।

इस घटना के अगले ही दिन शुक्रवार को गोलमुरी बाजार स्थित आरती ज्वेलरी दुकान में चोरी हो गई। बताया गया कि चोरों ने दुकान के शटर का वेंटिलेटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी लेकर फरार हो गए। दुकानदार के अनुसार चोरी में करीब चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं से गोलमुरी के व्यापारियों और दुकानदारों में भय एवं आक्रोश का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बाजार क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, जिससे दुकानदारों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

व्यापारियों का कहना है कि यदि दिनदहाड़े बैंक जैसी सुरक्षित जगह पर बड़ी वारदात हो सकती है और उसके अगले ही दिन बाजार की ज्वेलरी दुकान में चोरी हो जाती है, तो छोटे-बड़े दुकानदार अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित होना स्वाभाविक है। उन्होंने पुलिस से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने तथा गोलमुरी बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की।

व्यापारियों के विरोध के कारण शनिवार को गोलमुरी बाजार की अधिकांश दुकानें बंद रहीं और दुकानदारों ने एकजुट होकर अपनी सुरक्षा को लेकर आवाज उठाई।

Share This Article