स्वास्थ्य केंद्रों में दवा और जांच किट की कमी नहीं हो : उपायुक्त
सरायकेला, 24 सितंबर : समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं, स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और उन्हें और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया।
उपायुक्त ने सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्धारित ड्यूटी समय पर स्वास्थ्य केंद्रों में उपस्थित रहने तथा मरीजों को समय पर चिकित्सकीय परामर्श और उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाओं और जांच किट की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही नियमित स्टॉक सत्यापन और स्टॉक रजिस्टर को अद्यतन रखने का निर्देश दिया।
बैठक में चिकित्सकों द्वारा टेली-कंसल्टेशन के क्षेत्र में जिले के बेहतर प्रदर्शन की उपायुक्त ने सराहना की। उन्होंने दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के अधिक से अधिक मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने के लिए टेली-कंसल्टेशन सेवाओं को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
स्वास्थ्य उपकरणों की नियमित जांच, खराब उपकरणों की समयबद्ध मरम्मत अथवा आवश्यकता के अनुसार प्रतिस्थापन तथा स्वास्थ्य संस्थानों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए जनरेटर, इन्वर्टर और सोलर लाइट जैसी वैकल्पिक व्यवस्था रखने के निर्देश भी दिए गए।
उपायुक्त ने टीबी, मलेरिया, फाइलेरिया, डेंगू सहित अन्य बीमारियों की रोकथाम और समय पर पहचान के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने को कहा। मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए सर्वे और जांच अभियान चलाने के साथ स्वच्छता, जलजमाव की रोकथाम और मच्छरदानी के उपयोग को लेकर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया।
उन्होंने नियमित टीकाकरण को प्रभावी बनाने तथा छूटे हुए पात्र लाभुकों की पहचान कर उनका टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा। डायरिया और अन्य मौसमी व संचारी रोगों की रोकथाम के लिए स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया।
बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं और सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा सभी एमओआईसी को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर स्वास्थ्य केंद्रों की वास्तविक स्थिति की निगरानी करने को कहा गया। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. पी.एम. बारा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार समेत सभी एमओआईसी, डीपीएमयू, बीपीएमयू और संबंधित चिकित्सा पदाधिकारी उपस्थित थे।



